पदार्थ Matter

पदार्थ Matter वह होता हैं जिसका कोई द्रव्यमान होता हैं और जो जगह घेरता हैं। अगर हम अपने चारों ओर देखें, तो हम देख सकते हैं कि हमारे चारों ओर अनेक प्रकार की वस्तुएं होती हैं। इन वस्तुओं में से अनेक वस्तुएँ हमारे द्वारा दैनिक जीवन मे प्रयोग की जाती हैं, जैसे कि कपड़े, खाना, पानी, कुर्सी, मेज़ आदि।

इनके अलावा हम अपने आस-पास व्यक्तियों, जानवरों, पेड़-पौधों आदि को भी देखते हैं। तो क्या आप जानते हैं कि रसायन विज्ञान में इन सभी वस्तुओं अथवा चीजों को क्या कहा जाता है?

भोजन, पानी, हवा, मेज, कुर्सी, मनुष्य, जानवर, पेड़-पौधें आदि इन सभी चीजों को रसायन विज्ञान की भाषा मे पदार्थ यानी मैटर (Matter) कहा जाता है। अन्य शब्दों में हम यह भी कह सकते हैं कि हमारे आस-पास हम जितनी भी वस्तुओं को देखते हैं उन्हें पदार्थ कहते हैं।

तो चलिए आज हम इस पोस्ट के माध्यम से केमिस्ट्री के एक महत्वपूर्ण टॉपिक पदार्थ (Matter) का विस्तार पूर्वक अध्ययन करते हैं और जानते हैं कि पदार्थ क्या हैं या पदार्थ किसे कहते हैं? What is Matter in Hindi

पदार्थ किसे कहते हैं? |What is Matter in Hindi

पदार्थ की परिभाषा (Definition of Matter) ऐसी कोई भी वस्तु जो स्थान घेरती हो और जिसका कोई द्रव्यमान (Mass) हो, उसे पदार्थ कहा जाता है। उदा०- चीनी, नमक, जल, वायु, तेल, लोहा, लकड़ी आदि।

★ किसी पदार्थ के द्रव्यमान से तात्पर्य होता है उसमे उपस्थित द्रव्य की मात्रा।

किसी भी वस्तु के पदार्थ होने के लिए अनिवार्य शर्त |Conditions necessary for something to be Matter

किसी चीज के पदार्थ होने के लिए दो अनिवार्य शर्तें होती हैं-

1. वह वस्तु कोई न कोई स्थान घेरती हो।

2. उस वस्तु का एक द्रव्यमान (Mass) हो।

अब कुछ चीजें जैसे कि दोस्ती, प्यार, लगाव, नफरत, विचार आदि ऐसी चीज़ें हैं जो न ही कोई स्थान घेरती हैं और न ही इनका कोई द्रव्यमान होता है, इसलिए रसायन विज्ञान की दृष्टिकोण से इन्हें पदार्थ नही कहा जाता है।

पदार्थ की प्रकृति |Nature of Matter

कोई भी पदार्थ अनेक कणों (Particles) से मिलकर बना होता है फिर चाहे हम बात करें एक कुर्सी की या फिर एक किताब की, ये सभी पदार्थ अनेक कणों से मिलकर बनते हैं। पदार्थ के ये कण बहुत बहुत छोटे यानी सूक्ष्म होते हैं।

पदार्थ के कणों के गुण |Characteristics of particles of Matter

पदार्थ के कणों के आवश्यक गुण निम्नलिखित प्रकार से होते हैं-

● पदार्थ के कणों के बीच मे रिक्त स्थान उपस्थित होते हैं।

● पदार्थ के ये कण लगातार गति करते रहते हैं।

● पदार्थ के कण एक दूसरे को आकर्षित (Attract) करते हैं।

पदार्थ का वर्गीकरण |Classification of Matter

पदार्थ को कई प्रकार से वर्गीकृत किया जा सकता है। प्राचीन समय के भारतीय दार्शनिक मानते थे कि कोई भी पदार्थ पाँच आधारभूत तत्वों जिन्हें पंच तत्व कहा जाता है, से मिलकर बना होता है। ये पंच तत्व थे- वायु, अग्नि, पृथ्वी, आकाश तथा जल।

आधुनिक विज्ञान के युग में वैज्ञानिक पदार्थ को दो तरीकों से वर्गीकृत करते हैं-

1. भौतिक गुणों के आधार पर

2. रासायनिक गुणों के आधार पर

1. भौतिक गुणों के आधार पर पदार्थ का वर्गीकरण (On the basis of Physical properties) – भौतिक गुणों के आधार पर पदार्थ को मुख्यतः तीन वर्गों में वर्गीकृत किया जाता है-

  • ठोस (Solids)
  • द्रव (Liquids)
  • गैस (Gases)

इन्हें पदार्थ की अवस्था भी कहा जाता है।

● ठोस (Solids) – वे पदार्थ जिनका एक निश्चित आकार (Fixed Shape) तथा एक निश्चित आयतन (Fixed Volume) होता है, वे ठोस पदार्थ कहलाते हैं। उदाहरण- लकड़ी, पत्थर, लोहा, ईंट आदि।

ठोसों के गुण – Properties of Solids

1. ठोसों का आकार तथा आयतन दोनों निश्चित होते हैं। (पदार्थ के आयतन से तात्पर्य होता है उसके द्वारा घेरा गया स्थान या जगह।)

2. ठोसों को दबाया (Compressed) नही किया जा सकता।

3. ठोसों का घनत्व अधिक होता है। (घनत्व से यहाँ पर तात्पर्य है कि पदार्थ में कणों की संख्या कितनी अधिक है या कण कितने पास पास अथवा घने है। सरल शब्दों में कहें तो घनत्व से यहाँ पर तात्पर्य हम कणों के घनेपन से ले सकते हैं।)

4. ठोसों को जिस बर्तन में रखा जाता है वे उस बर्तन को पूरी तरह से नही भरते हैं।

5. ठोसों में बहने (Flow) का गुण नही होता है।

● द्रव (Liquids) – वे पदार्थ जिनका एक निश्चित आयतन तो होता है परंतु इनका कोई निश्चित आकार नही होता, ऐसे पदार्थों को द्रव कहते हैं। उदाहरण- जल, दूध, जूस, तेल आदि।

द्रवों के गुण – Properties of Liquids

द्रवों का आयतन निश्चित होता है (Fixed Volume) लेकिन इनका कोई निश्चित आकार नही होता (No Fixed Shape), द्रवों को जिस बर्तन में रख दिया जाए ये उसी का आकार ले लेते हैं।

1. द्रवों को भी दबाया नही जा सकता।

2. द्रवों का घनत्व ठोसों की तुलना में कम होता है।

3. द्रवों को भी जिस कंटेनर में रखा जाता है ये उसे पूर्ण रूप से नही भरते हैं।

4. द्रवों में बहने का गुण होता है। ये आसानी से बह सकते हैं।

● गैस (Gases) – वे पदार्थ जिनका न तो आयतन निश्चित होता है और न ही आकार, ऐसे पदार्थ गैस कहलाते हैं। उदाहरण- ऑक्सिजन, हाइड्रोजन, कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन आदि।

गैसों के गुण – Properties of Gases

1. गैसों का आकार तथा आयतन दोनों ही अनिश्चित होता है। (Not Fixed)

2. गैसों को आसानी से दबाया जा सकता है।

3. गैसों का घनत्व बहुत कम होता है।

4. गैसों को जिस बर्तन में रखा जाता है ये उस बर्तन को पूरी तरह से भर देते हैं।

5. गैसों में भी बहने का गुण होता है।

2. रासायनिक गुणों के आधार पर पदार्थ का वर्गीकरण (On the basis of Chemical properties) – रासायनिक गुणों के आधार पर पदार्थ को तीन भागों में वर्गीकृत किया जाता है-

  • तत्व (Elements)
  • यौगिक (Compounds)
  • मिश्रण ( Mixtures)

● तत्व (Elements) – तत्व वे पदार्थ होते हैं जिन्हें दो या दो से अधिक टुकड़ों में विभाजित नही किया जा सकता है। तत्व केवल एक ही प्रकार के परमाणु(Atom) से मिलकर बना होता है। उदाहरण के लिए जैसे कि कॉपर तत्व, यह केवल कॉपर के परमाणु से ही मिलकर बना होता है।

जानें- Biotechnology क्या हैं?

तत्वों को भी उनके गुणों के आधार पर तीन वर्गो में विभाजित किया जाता है-

धातु (Metals)
अधातु (Non metals)
उपधातु (Metalloids)

● यौगिक (Compounds) – यौगिक वे पदार्थ होते हैं जो दो या दो से अधिक तत्वों को एक निश्चित अनुपात में मिलाने से बनते हैं। उदाहरण- वॉटर(H2O), यह एक यौगिक है जो हाइड्रोजन और ऑक्सिजन जैसे दो तत्वों को एक निश्चित अनुपात में मिलाने से बनता है।

● मिश्रण (Mixture) – मिश्रण शब्द से ही पता चलता है दो या दो से अधिक चीज़ों की मिलावट। मिश्रण एक पदार्थ है जिसमें दो या दो से अधिक तत्व या यौगिक होते हैं। उदाहरण- हवा (Air) बहुत सी गैसों जैसे

ऑक्सिजन, नाइट्रोजन, कार्बन डाइऑक्साइड आदि का मिश्रण है।

निष्कर्ष – Conclusion

सभी पदार्थ बहुत छोटे-छोटे कणों से मिलकर बने होते हैं जिन्हें परमाणु (Atoms) कहा जाता है। पदार्थ चाहे अपनी किसी भी अवस्था (ठोस, द्रव, गैस) में हो सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पदार्थ का हमारे जीवन में एक महत्वपूर्ण स्थान है क्योंकि हमारे चारों तरफ जो भी वस्तुएँ है वे सब पदार्थ ही होती हैं।

तो दोस्तों आज आपने हमारी इस पोस्ट के माध्यम से जाना कि पदार्थ क्या हैं और पदार्थ किसे कहते हैं? (What is Matter in Hindi) हम आशा करते हैं कि आपको हमारी यह पोस्ट पसंद आई हो। इस पोस्ट से संबंधित अपने विचारों को व्यक्त करने के लिए कमेंट बॉक्स का उपयोग करें।

Leave a Reply